सुखी दाम्पत्य जीवन

परमवन्दनीया माताजी जिनकी जन्मशताब्दी गायत्री परिवार ही नहीं, वरन समस्त विश्वमानवता अत्यन्त उत्साह के साथ मना रही है—उनके उद्बोधनों की यह एक अनुपम विशेषता रही है कि उन्होंने आध्यात्मिक जगत् के अत्यन्त गूढ़ विषयों का निष्पादन अत्यन्त सुगमता के साथ किया है। दाम्पत्य जीवन को ऋषि-जीवन का आधार माना जाता है। वन्दनीया माताजी का प्रस्तुत उद्बोधन उसी महत्त्वपूर्ण विषय की विवेचना करता हुआ प्रस्तुत हुआ है। इसमें वन्दनीया माताजी कहती हैं कि दाम्पत्य जीवन का आधार विश्वास और प्रेम है। जब तक एक-दूसरे के प्रति आस्था न हो, तब तक दाम्पत्य जीवन की सफलता संदिग्ध रहती है। वन्दनीया माताजी विद्योत्तमा से लेकर सौभरि ऋषि का उदाहरण इसी उद्देश्य से प्रस्तुत करती हैं। आइए हृदयंगम करते हैं उनकी अमृतवाणी को—

गायत्री मंत्र हमारे साथ-साथ—
ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्।

दाम्पत्य जीवन का आधार

बेटियो! एवं प्रज्ञा परिजनो! दाम्पत्य जीवन विश्वास और प्रेम के आधार पर चलता है। इनमें से कोई भी, किसी भी एक की कमी हो जाती है, तो दाम्पत्य जीवन डगमगा जाता है। दाम्पत्य जीवन की सार्थकता एक-दूसरे के प्रति अगाध प्रेम, विश्वास और आस्था के ऊपर निर्भर है। इसे हम निष्ठा कह सकते हैं।

निष्ठा शब्द है तो ऊँचा, लेकिन बगैर इसके काम नहीं चलता है। एक-दूसरे के प्रति आस्था कहिए! जब तक आस्था नहीं रहेगी, तब तक जीवन की गाड़ी आगे चलेगी ही नहीं। आस्था एक पक्ष की होनी चाहिए अथवा दोनों पक्षों की? दोनों ही पक्षों की होनी चाहिए, एकतरफा गाड़ी नहीं चलती है। एकतरफा चला भी ले जाएगा, तो महानता उसकी है, जो अपनी तरफ से चला रहा है और जो दूसरा पक्ष अपनी तरफ से चला ही नहीं रहा है, तो विशेषता उसकी नहीं है। विशेषता किनकी हैं? जो अपनी ओर से चलाते हैं।

अच्छा तो यही होना चाहिए कि दोनों का समरस जीवन इस तरीके से चले कि लोग उनका उदाहरण देते ही बनें, सराहते ही रहें। चलिए सराहें नहीं तो उससे शिक्षण तो ले ही सकते हैं कि किस तरीके से दाम्पत्य जीवन जीना चाहिए और एक-दूसरे को ऊँचा उठाने में किस कदर सहयोग करना चाहिए। चाहे वो हमारी वाणी के द्वारा हो, हमारे व्यवहार के द्वारा हो, लेकिन एक-दूसरे को आगे बढ़ाना चाहिए।

दाम्पत्य जीवन की सफलता का रहस्य यही है, यह नहीं है कि जरा-जरा-सी बात पर कटुता उत्पन्न हो गई, तलाक का मौका आ गया। क्यों आ गया? एक-दूसरे के प्रति विश्वास नहीं है, यह नहीं है कि हम इसके साथ रहेंगे। न तो पत्नी के प्रति पति की आस्था है, न विश्वास है कि कहीं ऐसा न करे कि ये हमको धोखा दे जाए।

पाश्चात्य सभ्यता का यही तकाजा है, वहाँ यही है कि आज शादी हुई और कल तलाक हो गया। क्यों? उसको विश्वास नहीं है कि पत्नी हमारा आजीवन साथ देगी भी कि नहीं देगी और पत्नी को यह विश्वास नहीं है कि आज ये लाया है और कल ये ठोकर मारकर हमको अलग भी कर सकता है। क्यों? क्योंकि एक-दूसरे को एक-दूसरे का विश्वास प्राप्त नहीं है, इसलिए होता है। यदि विश्वास प्राप्त हो, तो व्यक्ति बड़े-से-बड़े संकटों को झेलते हुए भी अपने दाम्पत्य जीवन की मधुरता और सरसता को बनाए रख सकता है। किस तरीके से बनाए रख सकता है, इसके मैं थोड़े से उदाहरण आपके सामने रखूँगी।

विद्योत्तमा का उदाहरण

विद्योत्तमा ने अपने पति को बनाया था। जिस पेड़ की डाल पर कालिदास बैठा था, उसी को वह काट रहा था। इस मूर्ख को इतना भी नहीं मालूम था कि जिस पेड़ को हम काट रहे हैं, उसी पर से नीचे गिर जाएँगे। फिर क्या होगा? चूँकि विद्योत्तमा एक सफल शास्त्रकार और विद्वान मानी जाती थीं, तो पण्डितों ने सोचा कि उसका अहंकार कुछ नीचा करना चाहिए।

पण्डितों ने देखा कि कालिदास जिस डाल पर बैठा है, पेड़ की उसी डाल को काट रहा है, इससे ज्यादा मूर्ख कोई नहीं हो सकता है। चलो उसकी शादी इसी से करा दो और आपको मालूम ही होगा, ज्यादा व्याख्या में मैं नहीं जाऊँगी। ये हुआ कि कालिदास की और विद्योत्तमा की शादी हो गई। जब विद्योत्तमा को मालूम पड़ा कि मैं योग्य हूँ और मेरा पति अयोग्य है, पढ़ा-लिखा नहीं है, तो चाहे उसने कर्कश ढंग से ही कहा था कि तुझको यह भी नहीं मालूम है कि संस्कृत में ऊँट किसको कहते हैं? मैं तो समझती थी कि तू तो कोई प्रकाण्ड पण्डित है, पर मेरे पल्ले मूर्ख ही बँध गया।

यह बात अलग है, लेकिन उसने जी-जान से कालिदास को बनाया और वो कवि कालिदास बन गए। जिन्होंने मेघदूत नाम का ग्रंथ लिखा है। कौन? कवि कालिदास ने। वो उच्चकोटि के कवि हो गए, तो इस तरीके से एक-दूसरे के प्रति आस्था होनी चाहिए।

सौभरि ऋषि का उदाहरण

एक उदाहरण और आता है—सौभरि ऋषि का, जिनकी पत्नी का नाम था शोभा। भोजन करने के बाद उन्होंने यह कहा कि मुझे गुड़ खाने की आदत है, जरा थोड़ा-सा गुड़ लाना शोभा। तो उसने कहा कि गुड़ तो समाप्त हो गया? एक शिष्य यह सब देख रहा था, उसने पलट करके कहा कि अरे! गुड़ तो हानिकारक है। गुड़ कोई अच्छी चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि साहब! अभी तो आप यह कह रहे थे कि गुड़ खाने से खाना हजम होता है और अब आप यह कह रहे हैं कि गुड़ की कोई आवश्यकता नहीं है और गुड़ हानिकारक है। उन्होंने कहा कि ये जीभ का संयम है, इन्द्रियों का संयम है कि अपने ऊपर काबू रखना चाहिए। आदत को क्यों बिगाड़ें? एक-दूसरे का सहयोग करें।

याज्ञवल्क्य और मैत्रेयी का उदाहरण

याज्ञवल्क्य और मैत्रेयी के बारे में भी यही है। जब वो वन को जाने लगे तो उन्होंने अपनी दोनों पत्नियों को बैठाया और कहा कि मेरा जो राज-पाट है, इसको तुम लोग सँभालो। आधा-आधा ले लो और संयुक्त रूप से मिल करके चलाना चाहो तो चलाना। तो मैत्रेयी ने कहा कि राज-पाट सँभालेंगी गार्गी और मैं तो आपके साथ वन को चलूँगी।

क्यों? एक क्यों गई? एक ने राज-पाट क्यों पसन्द किया और एक ने वन क्यों पसन्द किया? इसलिए किया कि वे एक-दूसरे में इतने घुले-मिले थे कि एक-दूसरे के बगैर वह जिन्दा नहीं रह सकते थे और वो भौतिकता से अलग थी, भौतिकता उसको पसन्द नहीं थी। उन्होंने कहा कि जो जीवन का लक्ष्य है, जिसमें श्रेष्ठता निहित है, वही काम मुझे करना चाहिए और वो पति के पदचिह्नों पर चलने के लिए तैयार हो गई और वन में जा करके दोनों ने तपस्या की। यह है एक-दूसरे के प्रति विश्वास और जिसे आस्था कहते हैं।

कबीर का भी यही उदाहरण है। एक शिष्य आया और उसने कहा कि मैं शादी करना चाहता हूँ, तो उन्होंने कहा कि देखो शादी जो होनी चाहिए, वह किसी लक्ष्य के लिए, किसी उद्देश्य के लिए होनी चाहिए। बगैर उद्देश्य के शादी की क्या आवश्यकता है? आखिरकार तुम शादी क्यों करना चाहते हो और करना ही है तो मैं आपको बताता हूँ कि नारी नर के लिए कितनी सहयोगी होती है।

यदि उसको बनाया जाए तो और नहीं बनाया गया तो मैं कहती हूँ कि जितनी अपने घर से वो आई थी, भावनाओं की दृष्टि से, संस्कारों की दृष्टि से उससे भी गई-गुजरी हो जाएगी; क्योंकि संस्कार बनाए जाते हैं और दिए जाते हैं। आप हमको ही देख लीजिए कि हमको बनाया गया है। हम जैसे हैं और जो दिखाई पड़ते हैं, वस्तुतः ऐसे थे नहीं, हमको बनाया गया और हमने उसमें सहयोग किया कि हमको बनना है। जिसका पल्ला पकड़ा है तो जीवनभर उसी रास्ते पर चलना है, जिस रास्ते पर वे चल रहे हैं।

यह बात अलग है कि पति भटकता है और गलत मार्ग पर चलता है तो उसको रोका जाना चाहिए। ऐसा नहीं कि बेलगाम का घोड़ा जिधर को चलता है, तो चलता ही रहना चाहिए। नहीं, पत्नी का कर्तव्य है कि उसको सही रास्ते पर लाए और पति का भी कर्तव्य है कि जैसी भी पल्ले पड़ गई है वो हीरा है और मोती है। उसको ढालने का काम उसके पति का होता है।

पति-पत्नी-एक-दूसरे के पूरक

पति और पत्नी जब दोनों एक हो जाते हैं, तो फिर क्या कहने की है। उस दाम्पत्य जीवन में स्वर्ग-ही-स्वर्ग है और जितने बड़े काम किए हैं वो एक सूत्र में बँध करके ही किए हैं। जितने अपने ऋषि हुए हैं, जो समाज-सुधारक हुए हैं, जो सन्त हुए हैं, उनमें से अधिकांश शादीशुदा थे। वे एक-दूसरे के पूरक थे और एक-दूसरे को उठाने के लिए और समाज में आगे बढ़ने के लिए, समाज की सेवा के लिए एक-दूसरे के पूरक रहे हैं।

ऐसा नहीं है कि एक ने दूसरे का विरोध किया हो। ठीक है गाड़ी एकपक्षीय भी चलती है, पर दोनों पहिये जब समान होते हैं तो शानदार मंजिल पार की जाती है और कहीं ऐसा होता है कि एक पहिया छोटा और एक पहिया बड़ा, एक इधर गिरा, एक उधर गिरा, फिर इससे वो चलेगा क्या? इससे नहीं चलेगा। हाँ, जब दोनों एक हो जाते हैं, तब तो मैंने अभी आपको उदाहरण दिया था न।

अब मैं आपको सीता जी का उदाहरण देने जा रही हूँ। जब सीता अशोक वाटिका के नीचे बैठी थीं, तब विभीषण की पत्नी आई और उसने कहा कि तुम इतनी दुःखी और विह्वल क्यों हो रही हो? तो उन्होंने कहा कि मुझे हर समय राम का स्मरण बना रहता है। एक पल को भी मैं भूल नहीं पाती हूँ, अपने राम को। मेरी वही दशा हो रही है, जब कि राम वन के लिए चल रहे थे और मैंने कहा था कि मुझे भी ले चलिए।

उनके मन में नहीं था तो मैंने ये कहा था—

‘‘जिय बिनु देह नदी बिनु बारी।
तैसिअ नाथ पुरुष बिनु नारी।।’’

तो उस समय मेरा हाल यह हो रहा था; जबकि मैं परिवार के बीच में थी, सास-ससुर के बीच में थी और अपने देवरों के बीच में, देवरानी के बीच में थी। क्या मुझे कोई कष्ट था? लेकिन मुझे एक ही कष्ट था कि मेरा पति बाहर वन में जा रहा है और मैं यहाँ सुख की और चैन की जिन्दगी जिऊँगी। नहीं, मेरा कर्तव्य है कि मुझे भी वन जाना चाहिए।

आई तो सही वन में, लेकिन भगवान ने यह क्या किया? हमको जुदा कैसे कर दिया? हम तो यह सोच रहे थे कि एक के बगैर दूसरा एक पल भी जिन्दा नहीं रह सकता। हम किस प्रकार अपनी जिन्दगी बसर करेंगे, तो विभीषण की पत्नी ने कहा कि सीता यह जो तुम्हारा हाल हो रहा है। हूबहू यही हाल भगवान राम का हो रहा है। एक का नहीं, दोनों का ही हो रहा था, इसलिए पुरुषोत्तम भगवान उनका नाम पड़ा। तो उन्होंने कहा कि तुम्हारी याद में भगवान राम भी विह्वल हो रहे हैं। एक-दूसरे को ऐसे ही होता रहेगा। तो फिर काम किस तरीके से चलेगा? तुम राम हो जाओगी और राम सीता हो जाएगा। नहीं, अपनी हिम्मत जुटाओ, शक्ति जुटाओ, भगवान एक-न-एक दिन जरूर आपको सामर्थ्य और शक्ति देंगे, आपको मिलाएँगे, यह कैसे आप भूल गईं?

पति-पत्नी मिलकर काम करें

ये होता है दाम्पत्य जीवन का रसास्वादन, जिसे सुखमय जीवन कहना चाहिए। जिसने इसे चख लिया वो आनन्दित हो गया। समाजसेवा भी दोनों ही करेंगे, तो अच्छा लगेगा। ठीक है, कोई योग्य है, कोई अयोग्य है, मान लीजिए पत्नी इतनी पढ़ी-लिखी नहीं है तो घर में सुख-शान्ति तो बनाए रख सकती है। उसकी मनोभूमि को तो बना सकती है, पति को शान्ति और सन्तोष तो दे सकती है। यदि पत्नी अयोग्य है तो पति का कर्तव्य बनता है कि उसके साथ चले। उसका तिरस्कार ही करना है क्या? उसका तिरस्कार नहीं करना है, बल्कि उसको अपने समकक्ष बनाना है।

हरिश्चन्द्र की कहानी

शैव्या और हरिश्चन्द्र, नल और दमयन्ती की कहानी तो आपने सुनी होगी। शैव्या हरिश्चन्द्र की जीवनसंगिनी थी और जब विपत्ति का समय आया और उनके गुरु का आदेश आया कि हमको राज-पाट चाहिए। वो तो कसौटी थी, विश्वामित्र को कुछ चाहिए था? नहीं, विश्वामित्र को कुछ नहीं चाहिए था। चाहिए होता तो अपना राज-पाट क्यों छोड़ते, वो तो छोड़ करके ऋषि हुए हैं। वो तो केवल अपने शिष्य की मनोभूमि को देख रहे थे। उसके बगैर राज-पाट के दिए बिना उनका काम नहीं चल रहा था क्या?

चलता, लेकिन हरिश्चन्द्र, आज हरिश्चन्द्र नहीं हुआ होता। यदि हरिश्चन्द्र ने वो भूमिका अदा नहीं की होती और अपने गुरु के लिए समर्पण नहीं किया होता तो? फिर मान लीजिए कि वो बिक जाता। शैव्या अपने सुख और समृद्धि में कहीं वृद्धि कर रही होती तो फिर शैव्या का नाम रहा होता क्या? शैव्या का नाम नहीं रहा होता?

शैव्या हरिश्चन्द्र से आगे थी; क्योंकि हरिश्चन्द्र ने अपने गुरु को वचन दिया था, शैव्या ने तो नहीं दिया था न, लेकिन उनने कहा कि नहीं, जब सुख में हम साथ रहे, राज-पाट हमने भोगा है, तो विपत्ति के समय भी हमें बढ़-चढ़ करके ही कार्य करना है। उसने कहा कि पतिदेव पहले मैं बिकूँगी; क्योंकि मैं आपकी सहधर्मिणी हूँ, आप बड़े हैं और मैं छोटी हूँ। उम्र में भी छोटी हूँ तो पहला हक मेरा है, पहले मैं बिकूँगी।

बच्चे ने कहा नहीं पिताजी! मैं बिकूँगा। तीनों में रस्साकशी होने लगी कि कौन बिकेगा, कौन बिकेगा। तो बच्चों को जो संस्कार दिए जाते हैं, उन संस्कारों के बल पर विजय पाते हैं, वही उसके अन्दर था। बच्चे के अन्दर भी माँ-बाप के जो विचार हैं, माँ-बाप के जो संस्कार हैं, वही तो बच्चे में आएँगे। बच्चे ने कहा पिताजी! हम भी बिकेंगे और वो तीन-तेरह हो गए।

उनमें से एक चाण्डाल के यहाँ बिक गया और एक किसी सेठ के यहाँ बिक गई और बच्चा बिक गया सो अलग, लेकिन यहाँ तक ही नहीं, शैव्या जिस समय अपने बच्चे की लाश लेकर के हरिश्चन्द्र के पास गई तो दोनों ने पहचान लिया कि यही मेरा पति है और यही मेरी पत्नी है। उसने कहा कि मैं अपने बच्चे को आपके यहाँ दफनाने के लिए लाईं, जलाने के लिए लाई हूँ, तो हरिश्चन्द्र ने कहा, शैव्या सारी जिन्दगी तूने मेरा साथ दिया है, क्या मुझे डिगाएगी तू? तो उसने कहा कि बस, इससे ज्यादा मत कहना। मैं बच्चे का मोह छोड़ सकती हूँ, लेकिन जिस पथ पर चली हूँ और आपको चलने की मैंने प्रेरणा भी दी है और आपके साथ-साथ मैं चली हूँ, तो वही राह मैं चलूँगी और उसने आधी साड़ी फाड़कर के उस बच्चे के शव पर डाल दी।

फिर तो जो होना था, भगवान की कृपा थी कि वह उसकी नीयत की परख कर रहा था। बच्चा भी जिन्दा हो गया। हरिश्चन्द्र को भी राज-पाट मिल गया, वो बात अलग है। मैं इस बात को नहीं कह रही हूँ। मैं तो यह कह रही हूँ कि पति-पत्नी एक दूसरे के पूरक सहोदर भाई की तरह हैं, मित्रों की तरह हैं और मित्रों से भी आगे हैं। पत्नी और पति एक-दूसरे के विश्वासपात्र बने रहें।

नल-दमयन्ती की भी यही कहानी है। वह वन में जा रही थी और मनुष्य के वेश में एक राक्षस उसकी इज्जत पर हाथ डाल रहा था, लेकिन दमयन्ती ने वो शौर्य और वो वीरता दिखाई, जिससे वह सफल नहीं हो सका। नारी चाहे तो वो देवी बन सकती है, श्रद्धा का पात्र बन सकती है और न चाहे तो कृत्रिम वेश बना करके जैसे कि आज की जो हवा चल रही है। अनावश्यक कृत्रिमता, पहनावे-ओढ़ावे में कृत्रिमता और साज-श्रृंगार में कृत्रिमता, पाउडर, लिपिस्टिक से लेकर के न मालूम क्या-क्या लगाते हैं और हम उनको आमंत्रित करते हैं। किनको? जो बदनियत वाले हैं। उनको आमंत्रित करते हैं और कहते हैं कि आइए आप हमको देखिए, आकर्षित कीजिए। नहीं, बेटियो, ये नहीं है। बच्चो, ये नहीं है। श्रृंगार जो होता है, वो आन्तरिक आभूषणों का होता है।

गुण, कर्म और स्वभाव के जो आभूषण हैं वो सदैव चलेंगे और जो कृत्रिमता लिए हुए हैं, उसमें छिछोरापन आ जाएगा। इसमें आपकी इज्जत होने वाली नहीं है, आपकी उसी तबके के व्यक्ति इज्जत करेंगे, जिसमें बुराई है, जिस वातावरण में वे पले हैं, तो वे आपको पसन्द करेंगे और जो समझदार है, गम्भीर व्यक्ति है, दूरदर्शिता वाला है, वो इन छिछोरे पहनावे-ओढ़ावे और साज-श्रृंगार पर कभी नहीं करेगा।

सीता जी आभूषण पहनकर के गई थीं। किनके यहाँ? अत्रि ऋषि के आश्रम में तो सती अनसूया को देख करके वो पानी-पानी हो गईं। अनसूया ने कहा कि देवी आभूषण अपने गुण के होते हैं, जहाँ-कहीं भी जाएँगे, लोग आपकी तारीफ करेंगे और आप यदि आभूषण और ये कपड़े पहनकर के वन में जाएँगी तो आपका मोह इससे नहीं गया। मोह को एक तरफ रखें। मोह नहीं होना चाहिए और उसी समय सीता ने अपने सारे आभूषण उतार दिए और जिस तरीके से पति था, उसी तरीके से वो भी वन में चली गईं। तो ये जो आभूषण हैं, हमारे कौन-से आभूषण हैं? वो हमारी सहनशीलता के हैं, उदारता के हैं और हमारी वाणी के हैं, जिसमें कि हम अपना पारिवारिक जीवन अच्छी तरह से बिता सकें।

सास को हम माँ जैसा मानें, ससुर को हम पिता जैसा मानें, पति का उतना सम्मान करें। सम्मान का मतलब आरती उतारना नहीं होता है, सम्मान का मतलब होता है कि अपनी सहनशीलता का परिचय दें कि सबके सामने उसका अपमान नहीं होना चाहिए। कोई बात कहना है तो आप उसको कहिए तो सही, ऐसा तो नहीं कि मत कहिए, पर वाणी पर संयम रखते हुए कहिए। उसका अनादर मत करिए।

फिर आप समझ लीजिए कि आपने उसका दिल जीत लिया। पत्नी ने पति का और पति ने पत्नी का हृदय जीत लिया। फिर कोई खाई पड़ेगी क्या? बिलकुल खाई नहीं पड़ेगी। आपकी आस्था दिनोंदिन जमती जाएगी और दिनोंदिन जब जमती जाएगी, तो आपके परिवारवाले आपसे शिक्षण लेंगे। मुहल्ले वाले आपसे शिक्षण लेंगे, समाजवाले लेंगे और मैं तो कहूँगी कि पूरा राष्ट्र आपसे शिक्षण लेगा। कस्तूरबा गाँधी की तरह से शिक्षण ग्रहण करेंगे।

कस्तूरबा और महात्मा गाँधी दोनों जीवन भर साधु वेश बना करके, महात्मा वेश बना करके सारी जिन्दगी जिए। उन्होंने बा से कहा, किनसे? कस्तूरबा से । गाँधी जी बा कहते थे। बा मतलब, गुजरात में माँ को कहते हैं और सारी जिन्दगी उन्होंने एक लक्ष्य के लिए, राष्ट्र के उत्थान के लिए लगा दी, जेल गए। कई बार दोनों पति-पत्नी जेल गए।

इसी प्रकार जयप्रकाश नारायण थे और प्रभावती थी। प्रभावती ने सारा-का-सारा जीवन राजनीति में लगा दिया। स्वतंत्रता आन्दोलन में लगा दिया और पति के सहयोग में लगा दिया। जयप्रकाश नारायण जहाँ-कहीं भी जाते थे, उनके साथ प्रभावती जाती थीं। उनके शरीर की देख-भाल के लिए जाया करती थीं। ये बात हुई किनकी? महिलाओं की, लड़कियों की हुई। इसी तरीके से पुरुष को भी पीछे नहीं रहना है कि नहीं साहब! सारे-के-सारे नियम जो कुछ भी होते हैं, केवल महिलाओं के लिए ही हैं। संयम है तो महिलाओं के लिए है, पुण्य-पाप की गति जो भी कुछ है, वो सब महिलाओं के जिम्मे है। ऐसा नहीं है, पुरुषों के लिए भी है।

भगवान राम ने तो अश्वमेध यज्ञ किया था। उस समय सीता वाल्मीकि के आश्रम में थीं और जब वाल्मीकि ने कहा कि बेटी! तुम्हारे पति अश्वमेध यज्ञ कर रहे हैं, उसमें तो पत्नी की आवश्यकता होती है। हाँ ऐसा ही मालूम पड़ता है। कहीं ऐसा तो नहीं है कि राम ने शादी कर ली है?

तो सीता ने कानों पर हाथ रख करके ये कहा कि मैं गुरुदेव कैसे सुन रही हूँ? अपने राम के लिए मुझे विश्वास नहीं होता कि राम एक पत्नी के रहते हुए और दूसरी शादी कर लेंगे। ये मुझे कतई विश्वास नहीं है और होगा भी नहीं। सम्भव है यह बात मिथ्या ही होगी और वो मिथ्या ही थी। वो मिथ्या ही हुई।

बेटे, ये होते हैं आदर्श, भगवान राम ने वसिष्ठ से कह दिया। वसिष्ठ ने कहा कि राम दूसरी शादी की आवश्यकता पड़ेगी; क्योंकि यज्ञ करने जा रहे हो, तो उन्होंने कहा कि मेरे जीवन में सीता ही आई है और सीता की छवि और सीता का ही चित्रण रहता है। हर समय मेरी रग-रग में सीता समायी हुई है। गुरुदेव मैं शादी नहीं करूँगा, तो क्या करोगे? उनने कहा कि विकल्प है। सीता नहीं है तो वो देवी है और उन्होंने सोने की प्रतिमा बनाकर के यज्ञस्थल पर रख दिया। यज्ञ हो गया। उसके बाद लव-कुश हो गए, उन्होंने क्या-क्या अपने पिता के लिए कहा, वो भी आपको मालूम है, मैं क्या कह रही थी? एक पक्ष नहीं, दोनों पक्ष देखने होते हैं।

सन्त तुकराम की पत्नी थी। बहुत ही कर्कश स्वभाव की थी और उनके पति बहुत सौम्य, उदार थे। उन्होंने कहा कि दाम्पत्य जीवन में यह होता ही रहता है। चलिए, थोड़ा-सा उनकी कहानी बताती हूँ। वे गन्ना लेने गए थे और गन्ने की जब गठरी लेकर के आए तो बच्चे साथ में थे। वे एक-एक करके माँगते गए और वो सारी-की-सारी गठरी को दे आए। क्यों दे आए? वो सन्त थे न और उनकी जो पत्नी थी वो सन्त थोड़े ही थी, वो क्या जाने, बगैर पढ़ी-लिखी थी? भावनाओं की दृष्टि से उदारता थी नहीं। जब घर में लौटकर के आए तो उनकी पत्नी ने कहा कि ले आए गन्ना? हाँ ले आए, तो एक ही मिला। अरे देवी! मिले तो बहुत-से थे, पर ऐसे फूल जैसे बच्चे थे, मुस्करा रहे थे, माँग रहे थे, मैंने दे दिए। उसने कहा कि दे दिए? कहा कि हाँ, तो उन्होंने एक गन्ना था, सो उसे उठाकर दे मारा पीठ में तो उसके दो टुकड़े हो गए तो उन्होंने कहा कि देवी! तुम्हारे हाथ-पैर चूमने लायक हैं। मैं तो इसके टुकड़े कर भी नहीं पाता, तुमने तो दो बराबर-बराबर टुकड़े कर दिए। आइए हम और तुम दोनों जने खाएँ और आनन्द से रहें। दोनों ने हँसी-खुशी से उसका रसास्वादन किया।

इसी तरीके से एक विदेशी पति-पत्नी हुए, नाम मुझे इस समय याद नहीं है। तो एक की शादी की वर्षगाँठ थी तो एक ने कहा कि मेरे पति को घड़ी की चैन अच्छी लगती है। एक ने कहा कि मेरी पत्नी को क्लिप अच्छी लगती है। वो गया क्लिप लेने बालों में लगाने के लिए और अपनी घड़ी बेच दी और महिला दुकान पर गई और अपने बाल कटा दिए और बालों को बेचकर घड़ी की चैन लाई।

शादी की वर्षगाँठ थी। दोनों जन घर में घुसे और उसके सिर से रूमाल बँधा था, उसने कहा कि मैं तेरे लिए अपने हाथ से बालों में क्लिप लगाऊँगा और वो क्लिप थमाने लगा, बाल कहाँ थे? बाल तो थे ही नहीं और उसने कहा कि मैं अपने हाथ से अपने पति की कलाई में घड़ी में चैन बाँधूँगी, पर वो घड़ी नहीं थी, पर प्यार का पारावार था, निर्धन थे, लेकिन निर्धन होते हुए भी उनकी जीवात्मा और विश्वास एवं आस्था एक-दूसरे के लिए ऐसे उड़ेले गए। ऐसे समा गए एक-दूसरे में। धन्य है वो दाम्पत्य जीवन, जो इतना विश्वास, आस्था के साथ में अपना जीवनयापन करते हैं। मैं चाहूँगी कि ये जो मैंने अपने परिजनों के लिए कहा है और जो उदाहरण दिए हैं, इसलिए दिए हैं कि आप इस रास्ते पर चलिए। ये घाटे का नहीं है, ये नफे का सौदा है, चाहे वो लड़की हो, लड़का हो, कोई भी हो वो दोनों के लिए ही समान है। इसी रास्ते पर चलिए, आप सबको आशीर्वाद।

आज की बात समाप्त
॥ॐ शान्तिः॥