पात्रता की परीक्षा

परमवन्दनीया माताजी के उद्बोधनों की यह विशिष्टता है कि उनके चिन्तन के भीतर हिमालय जैसी ऊँचाई भी है और समुद्र जैसी गहराई भी। जहाँ एक ओर उनका जीवन दर्शन, मानवीय व्यक्तित्व को व्यापकता प्रदान करता है तो वहीं दूसरी ओर उनकी सम्वेदना, मानवीय अन्तःकरण को भावासिक्त करती है। अपने एक ऐसे ही प्रस्तुत उद्बोधन में वन्दनीया माताजी, पूज्य गुरुदेव के अविराम तप का उल्लेख करते हुए पूज्य गुरुदेव के जीवन को ऋषितुल्य जीवन बताती हैं और यह बताती हैं कि उस स्थिति तक पहुँचने के लिए पूज्य गुरुदेव ने अपने शिष्यत्व की अतुलनीय परीक्षा दी थी। उसी पात्रता की परीक्षा से गुजरने के बाद साधक में महानता का अवतरण होता है। वन्दनीया माताजी अपने स्वयं के जीवन का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहती हैं कि समर्पण के आधार पर ही साधक को समस्त विभूतियाँ हस्तगत हो पाती हैं और इस पथ पर चलने वालों को तीन एषणाओं से बचना अनिवार्य हो जाता है। आइए हृदयंगम करते हैं उनकी अमृतवाणी को—

गायत्री मंत्र हमारे साथ-साथ—
ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्।

गुरुदेव का अविराम तप

हमारे आत्मीय परिजनो!

वसन्त पर्व पर गुरुजी ने दो वर्ष बाद दर्शन दिए। उन्होंने दो वर्ष तक जो तप किया, उसकी ऊर्जा ले करके आपके समक्ष उपस्थित हुए। क्या उनकी साधना यहीं खतम हो जाती है? नहीं, वह अनवरत चलती रहेगी। यह तो बीच में थोड़े दिन के लिए थोड़ा-सा विराम दिया गया था। वे तो आजीवन तप ही करते रहे हैं और तप ही करते रहेंगे। यों तो बीच-बीच में विराम भी लगता रहेगा, पर तप तो यथावत् चलता रहेगा।

क्यों साहब! क्यों चलता रहेगा? इस सारे संसार में जो विभीषकाएँ छाई हुई हैं, उनके निराकरण के लिए, उनके निवारण के लिए उनका तप निरन्तर चलता रहेगा। तो क्या उसका निवारण हो जाएगा? हो जाएगा कि नहीं हो जाएगा, इसका कोई ठेका नहीं ले रखा है। होगा, हो भी सकता है और नहीं भी हो सकता, लेकिन प्रयास जरूर है और वो चलता रहेगा। मैं तो आपसे ये कहना चाहती थी कि किसी बड़ी सत्ता से जुड़ जाने पर व्यक्ति कैसा महान हो जाता है और भगवान के समतुल्य पहुँच जाता है। सन्त के समतुल्य पहुँच जाता है।

भगवान नहीं भी कहें तो आप सन्त तो कह सकते हैं, आप ऋषि तो कह सकते हैं, इसमें दो राय नहीं हैं। मैं उनसे जुड़ी हूँ और मैंने पाया है कि जो सच्चे हृदय से जुड़ जाता है, फिर वो चाहे नाला ही क्यों न हो, जो नदी में गिर जाता है तो वो नदी हो जाता है और नदी समुद्र में मिल जाती है तो समुद्र हो जाती है और जब झाड़ियाँ चन्दन के पेड़ से लिपट जाती हैं, उनके समीप हो जाती हैं तो वे झाड़ियाँ भी सुगन्धित हो जाती हैं।

शिष्य की परीक्षा

बेटे, लोकसेवी की भी यही स्थिति है। भक्त ने अपने को छोटा समझा है और भगवान से मिलने के लिए भगवान की हर इच्छा के साथ अपने को मिला दिया तो वो कौन हो गए? वो शिवाजी हो गए। कब हो गए? जब समर्थ गुरु रामदास ने यह कहा कि बेटे! मेरी आँखों में दर्द है। क्या तू सिंहनी का दूध लाने में सफल होगा? उन्होंने कहा—“गुरुदेव! आप मुझे आजमा के तो देखिए, आप आज्ञा तो कीजिए।’’ उन्हें सिंहनी का दूध लाने के लिए जोखिम में डालने के लिए क्यों कहा? उनकी नीयत की परख करनी थी। उनको दूध की आवश्यकता थी क्या? उनको दरद था क्या? नहीं दरद नहीं था, तो भी उनको भेजा। जब लाने में वे समर्थ हुए तो समर्थ गुरु रामदास ने उनको अभय वरदान भी दिया और उन्होंने तलवार भी दी, जो कि शक्ति से उत्पन्न की हुई थी। वो उन्होंने उनको भेंट की। फिर वे कौन हो गए? शिवाजी हो गए।

निर्मल मन व्यक्ति सन्त से मिलने पर सन्त हो जाते हैं, क्योंकि उनकी शक्ति उनके अन्दर आती हुई चली जाती है और जब वे सन्त से अलग होते हैं तो वो भी परिणाम देखे गए हैं कि जिस दिन अलग हो जाते हैं, उनका अहंकार ऊँचा बढ़ता हुआ चला जाता है और तब उनको धरातल पर भी जगह नहीं मिलती है और वो औंधे मुँह गिरते हैं। किसका-किसका हवाला दें।

अभी-अभी एक छोटा-सा बालक, छोटा-सा ही कहेंगे, अनायास ही उसके मन में एक अहंकार आ गया और उसने कहा कि हमको तो शान्तिकुञ्ज का मालिक होना चाहिए; क्योंकि अभी गुरुजी ने अपने प्रवचन में कहा है। अरे! शान्तिकुञ्ज के ही क्यों बेटे! आप तो उसके बनाए सारे संसार के, सूरज के और चाँद के, सबके मालिक बनिए। शान्तिकुञ्ज तो एक छोटी-सी इमारत है। क्या इसी के लिए आप आए थे यहाँ? इसी के लिए आप गुरुजी की गोद में बैठे थे क्या? इसी के लिए क्या माँ का आँचल आपने थामा था? माँ का आँचल थामा है तो आपको अपना निर्मल मन करना पड़ेगा। कौन-सा निर्मल मन, वो निर्मल मन, जो विवेकानन्द ने किया था और माँ शारदामणि की गोद में जीवन भर खेलते रहे।

आज भी जब वो समर्थ गुरु रामदास नहीं हैं, रामकृष्ण परमहंस नहीं हैं और विवेकानन्द नहीं हैं, लेकिन उनकी यशगाथा अभी भी है और सारे संसार में है। चाहे कहीं भी आप जाइए, रामकृष्ण परमहंस की शक्ति आपको दिखाई पड़ेगी, विवेकानन्द की शक्ति आपको पड़ेगी, पर कब? विवेकानन्द स्वयं नहीं बने थे, बनाए गए थे। रामकृष्ण परमहंस ने शक्ति दी थी। कहीं वो शक्ति का दुरुपयोग करता तो? तो स्वामी विवेकानन्द नहीं हो सकता था। तो बेटे! मैं आपसे यह कहना चाहती थी और यही मैं कह रही हूँ कि महान शक्ति से जुड़ जाने पर व्यक्ति महान हो जाता है। यदि आप चाहें तो आप भी ऐसा कर सकते हैं।

महानता कब आती है

बेटे, जुड़ने पर वो महानता हमारे जीवन में आई है और हम सिद्धान्तों के लिए जिए हैं और सिद्धान्तों के लिए ही मरेंगे। न पैसे के लिए जिए हैं, न यश के लिए जिए हैं, न वाहवाही के लिए जिए हैं। जो वाहवाही के लिए आते हैं, जो यश के लिए आते हैं, जो अपना यशगान कराने के लिए आते हैं, उनकी थोड़े दिन चमक-दमक तो रहती है, पर माहौल में थोड़ा-सा ही परिवर्तन होने पर थोड़े दिन में मालूम पड़ता है और फिर उनकी असलियत खुल जाती है। असलियत खुल जाने पर तो कहीं के भी नहीं रहते। अपनी जीवात्मा के सामने तो गिर ही जाते हैं, दुनिया के सामने गिरते हैं कि नहीं गिरते हैं? उसमें देर लगती है, लेकिन अपनी जीवात्मा के सामने व्यक्ति छोटा जरूर हो जाता है। उसकी जीवात्मा धिक्कारने लगती है।

तो क्यों साहब! शान्तिकुञ्ज में क्या ऐसे ही लोग आते हैं? नहीं साहब! ऐसे नहीं आते हैं। एक-से-एक अच्छे भी आते हैं और बुरे भी हो सकते हैं, क्योंकि पूर्वजन्म के संस्कार और इस जन्म के संस्कार, वातावरण का संस्कार, शिक्षा का संस्कार और जिस वातावरण में हमने जो शिक्षा पाई और जहाँ हम पैदा हुए, जहाँ हमने माता-पिता के संस्कार पाए, वो भी तो विद्यमान होते हैं और स्वयं के भी तो संस्कार विद्यमान होते हैं। अगले जन्म के भी विद्यमान होते हैं।

वो सारे-के-सारे जो संस्कार होते हैं, न मालूम पूर्वजन्म में कौन थे? और इस जन्म के जिस वातावरण में, माहौल में हम पले और रहे और जहाँ हमने शिक्षा-दीक्षा पाई, न मालूम वो क्या-क्या वातावरण था? कैसा था? वो भी तो छाप छोड़ता है। जो सन्तों से जुड़े हैं, उन्होंने बहुत कुछ पाया है और सन्त से पा करके जिन्होंने यह सोचा कि बस अब तो बन गया काम, अब तो हम हो गए पक्के। कहते हैं कि हम उनसे जुड़े हैं और करते कुछ हैं और कहते कुछ हैं। तो यह थोड़े ही दिन चलेगा, ज्यादा दिन नहीं चलेगा।

सन्त शक्ति देता भी है और ऐसा भी है कि वह क्रोधित भी होता है। कई बार सन्त के ऊपर आक्रमण करते हुए भी देखा गया है और सुना भी है और हुआ भी है और वे क्षमा भी करते रहे, लेकिन सन्त जिस दिन अन्दर से हुंकार भरेगा, उस दिन वो आँधे मुँह गिरते ही नजर आएगा, मिट्टी में मिलता भी नजर आएगा। ये भी होगा और जिसको उठाया है, वे उठते हुए भी चले गए हैं। वह भी पाए जाते हैं और यह भी पाए जाते हैं। वन्दनीया माताजी का समर्पण

मैंने आपसे यह बताना चाहा कि देखिए मैं जुड़ी हुई हूँ। मैं पत्नी हूँ उनकी, लेकिन पत्नी होते हुए भी मेरे प्रति उनकी कितनी उच्च कोटि की भावनाएँ हैं, जो उन्होंने बना करके रखी हैं। आप सबको मालूम है कि वे मुझे माताजी कहते हैं। क्यों कहते हैं? आपने कभी विचार किया क्या? बेटे! इसमें एक गहराई आपको मालूम पड़ेगी कि पत्नी होते हुए भी मैंने दोनों ही भूमिकाएँ अदा की हैं, और भूमिकाएँ ही अदा नहीं की हैं, बल्कि सच्चे हृदय से मेरा समर्पण है।

यह समर्पण उनके हृदय में जगह किए हुए है। आम पत्नियाँ क्यों नहीं कर पाती हैं? इसलिए नहीं कर पातीं कि वास्तविक मन से उनका समर्पण नहीं होता। यही सम्बन्ध गुरु-शिष्य का है। गुरु के प्रति यदि शिष्य का सच्चा समर्पण है तो फिर तर्क और वितर्क की, गलतफहमी की कहीं भी कोई गुंजाइश नहीं होती।

एकलव्य ने साधना की थी और मिट्टी में से भी अपने गुरु को पैदा कर लिया था। भावना, निष्ठा और श्रद्धा, ये होती हैं, पत्थर के टुकड़े में से भगवान को पैदा करने वाली शक्ति। रामकृष्ण परमहंस ने पत्थर की मूर्ति में से काली माँ को प्रकट कर लिया जो कि उनके साथ खाती थी, भोजन करती थी और अपने बेटे को खिलाती थी। यह क्या था? यह समर्पण है। भगवान के प्रति, गुरु के प्रति यदि सच्चा समर्पण है तो हमारा हृदय निर्मल गंगाजल के तरीके से निर्मल और पवित्र होना चाहिए।

जब मन हमारा पवित्र होता है तो जैसा अभी मैंने बताया था कि नाला नदी में मिलकर नदी हो जाता है। सैकड़ों नाले इस गंगाजी में मिल गए और अपने को विसर्जित करके गंगाजी बन गए। आज हम और आप उसका पान करते हैं। गंगाजल को भर करके रखते हैं। क्यों नाले का पान करते हैं क्या? नाले का पान नहीं करते, उसके पानी में हमें दुर्गंध आती है और सड़ांध आती है और हमको उसमें कीड़े नजर आते हैं। दुर्गंध नजर आती है टट्टी-पेशाब नजर आते हैं। किसमें? उस नाले में और जब वो नाला गंगाजी में मिल जाता है तो उसको हम पवित्र और निर्मल और गंगा माँ की जलधारा समझ करके उसका पान करते हैं, क्योंकि वो नाला नहीं रहा, वो गंगाजल हो गया।

इसका मतलब यही है कि जब हम महानता से जुड़ जाते हैं तो महान हो जाते हैं और जोड़ने से इनकार करते हैं, हट जाते हैं, अहंकार आ जाता है, अहं आ जाता है तो पतन भी हो जाता है।

पतन के तीन गुरु

पतन के तीन गुरु बताए गए हैं। कौन-कौन से गुरु बताए गए हैं? एक है—लोकैषणा, दूसरा है—वित्तैषणा और तीसरा है—पुत्रैषणा। लोकैषणा का मतलब होता है यश, यश पाना, यश पाना कि हम हैं तो कुछ नहीं पर यश, यश पाने की जो हवस होती है। तप और त्याग तो हमारे अन्दर नहीं है, लेकिन हम तपस्वी जरूर कहलाएँ। हम ये तो जरूर कहलाएँ कि अभी-अभी हिमालय से आए हैं। अभी-अभी हिमालय से आए क्या, तप किया है क्या? नहीं भाईसाहब तप तो नहीं किया, क्या किया है? यहाँ-वहाँ घूमे हैं, तो वे सन्त कैसे हो गए? फिर आप ऋषि कैसे हो गए? और तपस्वी कैसे हो गए? ये जो लोकैषणा की इच्छा है, ये हवस विद्यमान रहती है तो गिरा देती है एक, और दूसरा वित्तैषणा का है, जो अन्दर में ये भूख जगाती है कि किसी भौतिकता की दौड़ में हमको दौड़ना चाहिए। हमारा पहनावा-ओढ़ावा, वातावरण, घर का रहन-सहन, हमको वो आलीशान ढंग का हमको बनाना है, उस दौड़ में जब आगे नहीं देखता है, वो खींचता है, वो गिरता है और जब पाता नहीं है तो गिरता है और पा जाता है तो और भी ज्यादा गिर जाता है।

तीन एषणाओं से बचें

ये मैंने धन के सम्बन्ध में बताया, लोकैषणा के सम्बन्ध में बताया, एक पुत्रैषणा के सम्बन्ध में और बताना चाहूँगी। वो भी हवस ऐसी होती है कि वो किसी को भी नहीं देखती, न पड़ोसी को देखे, न बहन को देखे, न भानजी को देखे, बस जो भूत सवार हुआ तो ऐसा सवार हुआ, ये तीनों एषणाएँ मिट्टी में मिलाकर रख देती हैं।

वो चाहता है कि सामने वाले को गिरा करके और हमको महन्त बनना चाहिए, नेता बनना चाहिए और ऐसा ही कहा कि गुरुजी हमको यहाँ का मालिक होना चाहिए। ऐसी-ऐसी अफवाहें उड़ाई गईं और बताया गया कि गुरुजी को कैंसर हो गया। मुझे इस बात से बड़ा दुःख होता है कि जो सुना गया और कइयों को यह भी कहते हुए पाया गया कि साहब! गुरुजी को तो कैंसर हो गया है और माताजी हैं, उनको सामने नहीं आने देना चाहती हैं। गुरुजी को यदि कुछ हो जाएगा तो फिर हम देख लेंगे।

अच्छा तो इसका मतलब यह है कि सारी जिन्दगी मैं उनके साथ रही, साथ हूँ और मैं उनकी पत्नी हूँ, तो आप मुझसे ज्यादा हो सकते हैं? मैं नहीं हो सकती? मैं नहीं हूँ? आप हो सकते हैं। गुरुजी आपको प्रिय हैं, आपके पिता हैं, मेरे कोई नहीं हैं? जबकि जीवन और मरण में हम साथ-साथ हैं। लोगों ने तो यह भी कहा और हमने खुले दिल से कहा, अभी भी कहते हैं कि हम दो शरीर और एक प्राण हैं।

उसने यह भी कहा कि जमाई को दे दिया। बेटे को दे दिया। अरे तो आप सारा-का-सारा हिसाब देख लीजिए, यहाँ का देख लीजिए, वहाँ का देख लीजिए, मथुरा का देख लीजिए, आप देख लीजिए न। गन्दगी फैलाने की अपेक्षा तो आप उसको देख लीजिए। आप सही पाएँ तो जो भी कुछ आप बुरे-से-बुरा कह सकते और कर सकते हों, वो हमारे साथ सलूक किया जाना चाहिए और यदि नहीं है तो फिर आपको अपने लिए भी गुंजाइश रखनी चाहिए।

छेड़ो मत और जब छेड़ो तो मैंने अभी कह दिया था कि या तो सन्त बोलता नहीं है और जब बोलता है तो उसका रोष फिर महादेव के तरीके से हो जाता है। जब तक शंकर जी को छेड़ा नहीं था तो वो शंकर जी तपस्वी थे और वैरागी थे तथा जिस समय उनको छेड़ा गया तो काम को उन्होंने भस्म ही कर दिया। उनका ताण्डव नृत्य तो देखा है, वही ताण्डव नृत्य मैं आपसे कहूँगी तो नहीं, चूँकि आप हमारे बच्चे हैं।

हम आपके और आप हमारे

बेटे, हम आपके हैं और आप हमारे हैं। बच्चा जब बड़ा होता है तो माँ से बिछड़कर चला जाता है, लेकिन जब छोटा होता है तब? माँ गीले में सोती है और सूखे में बच्चे को सुलाती है और यह कहती है कि मेरा बच्चा एक दिन ऐसा बनेगा, हम से भी ऊँचा बनेगा। कौन कहती है? माँ कहती है। पिता कहता है कि हमारा जो बालक है, इसको हम अपने समकक्ष बनाएँगे और वही बालक जब माँ को लांछन लगा करके और पिता को दगा दे करके चला जाए तो माँ क्या कहेगी?

माँ फिर भी उसको आशीर्वाद ही देगी और यह कहेगी कि बेटे! हमने जो तेरे साथ किया था, वो हमारा फर्ज और कर्तव्य था। हमने तुझको बनाना चाहा था। हमने अपने मुकाबले का रखना चाहा था। हमने सोचा था कि हम तुझे गाँधी जी के तरीके से बनाएँगे। हम तुझे विनोबा के तरीके से बनाएँगे, हम तुझे सन्त बनाएँगे, लेकिन हम क्या कर सकते हैं? यह दुर्भाग्य उन लोगों का भी है और हमारा भी है कि हमने बनाया और वे चले गए। अच्छा बेटे! चले जाओ, भगवान आपको हजार हाथ दें। जितना आपने ख्वाहिश रखी है और दे। एक दिन जब आपका पेट भर जाएगा, जब आप पछताने लगेंगे तब आपका मन खुलेगा। पिता की और माता की हमेशा शुभकामनाएँ रही हैं, बच्चे के साथ आशीर्वाद रहा है। वही आशीर्वाद हमारा सबके साथ है, गुरुजी का है। निरन्तर हमने सबको बनाया है और बनाते रहे हैं और बनाते रहेंगे।

गंदगी को हम निकाल देंगे

हमारे दृष्टिकोण में, हमारी भावनाओं में, कहीं भी, कोई भी तिल मात्र फरक आपको नहीं मिलेगा। हमको हरेक कोई अच्छा ही लगता है। आप कहेंगे तब आपको नजर नहीं आया, जिस दिन को यहाँ पैर रखा? अभी गुरुजी ने नहीं कहा था टमाटर होते हैं, अच्छे होते हैं, सड़ा होता है, उसमें से निकाल दिया जाता है बेटे! सब ठीक-ही-ठीक लग रहे थे, जब सड़ गया, गल गया तो फेंक दिया? हाँ बेटे! वो भी हमको करना पड़ता है। काट-छाँट भी हमें करनी पड़ती है, काट-छाँट हम न करें तो क्या गन्दगी को यहाँ रखेंगे क्या? गन्दगी हम नहीं रखना चाहते हैं और न अब रखेंगे, न फिर रखेंगे और भी कोई होगा तो उसके प्रति भी यही होगा। जो होना चाहिए जो होता रहा है, कितने ही व्यक्ति यहाँ से जा चुके और आए भी, आए भी हैं बेचारे कैसे-कैसे अपना घर छोड़ के आए, नौकरी छोड़ के आए, अभी सब ठीक है। होगी किसी की विकृति तो वो भी ऐसा हो सकता है, हट भी सकता है, जा भी सकता है और नहीं जाएगा तो निकाला भी जा सकता है। निकाल भी सकते हैं, उसको जरूर निकालेंगे।

इस तरीके से मैंने थोड़ा-सा ये हवाला दिया और यह कहा कि जब अपना उदाहरण दिया, कि जब मैं जुड़ी और बेटे! जिन्दगी में कितना पाया है। कितना पाया है कि सम्पत्ति तो नहीं पाई, लेकिन मैंने बहुत बड़ा-बहुत बड़ा अनुदान, बहुत बड़ी सम्पत्ति मैंने गुणों के रूप में उनसे ग्रहण कर ली, और ऐसी कर ली।

बेटे! इस जीवन में तो क्या, जब-जब हम जन्म लेंगे यहाँ कहीं भी, वो हमारे साथ जाएगा। वो हम से हट नहीं सकता, यदि आप भी इसी तरीके से जुड़े तो आप भी उन गुणों की सम्पदा को पा सकते हैं। जो कि मैंने पाया है। मैंने पाया है और आपको तो दोनों ही देंगे, गुरुजी भी देंगे और मैं भी दूँगी। आपके लिए तो दो हो गए न? गुरुजी भी हो गए, माताजी भी हो गईं। बेटे! आप हमारे गुणों को लेना, आप उन महानताओं को लेना, उन सिद्धान्तों को लेना, जिन सिद्धान्तों को लेकर के हम आजीवन, अनवरत चलते रहे हैं और चलते रहेंगे।

यही आशीर्वाद, सद्गुणों की सम्पदा, देने के लिए हम आतुर हैं, और प्रत्येक अपने परिजनों से कहते हैं बेटे! लेना है तो हम से ये आशीर्वाद लीजिए, आप सम्पत्ति का आशीर्वाद मत लीजिए, आप सन्तान का आशीर्वाद मत लीजिए, वो तो मिल जाएगा, वो तो हो जाएगा; आपके भाग्य में होगा तो, लेकिन अभी तो हम जिन्दा हैं, नहीं रहेंगे तो आपको पछताना पड़ेगा, और यह कहना पड़ेगा हम किसी सन्त से जुड़े थे, ऐसे महान सन्त से जुड़कर के और हम मिट्टी का ढेला ही बने रहे।

ऐसी माँ के गोद में खेल करके उसके आँचल की छाया के नीचे भी और हम ऐसे ही बने रह गए? जैसे हम थे, वैसे ही बने रह गए? नहीं बेटे! ये मत कहलाना तुम सन्त की सन्तान हो, सन्त की सन्तान और सन्त के गुण आपको लेने चाहिए, देने में हमारे में कोई कंजूसी नहीं है, और लेना-न-लेना ये आपके ऊपर निर्भर है, बस, इतनी थोड़ी-सी बात को कहकर के अपनी बात मैं समाप्त करती हूँ।

आज की बात समाप्त
॥ॐ शान्तिः॥